रायपुर

प्रदेश के सरकारी और निजी मेडिकल व डेंटल कॉलेजों में एमबीबीएस और बीडीएस कोर्स में प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख बढ़ा दी गई है। अब नीट क्वालिफाइड छात्र 10 अगस्त तक पंजीयन करा सकेंगे। पहले यह अंतिम तिथि 4 अगस्त थी।

पहले चरण की आवंटन सूची 8 अगस्त को आनी थी, लेकिन अब यह 14 अगस्त को जारी होगी। तारीख बढ़ाने का फैसला एनएमसी की मेडिकल काउंसलिंग कमेटी द्वारा ऑल इंडिया कोटे की तिथियों में बदलाव के बाद लिया गया। इसके चलते स्टेट, मैनेजमेंट और एनआरआई कोटे की काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल रिवाइज कर दिया गया है।

प्रदेश में एमबीबीएस की 1980 और बीडीएस की 700 समेत कुल 2680 सीटें हैं। इस बार 22261 छात्र नीट क्वालिफाइड हुए हैं, लेकिन अनुमान है कि केवल शीर्ष 12% मेरिट वाले छात्रों को ही सीट मिलेगी। प्रदेश के टॉपर को 720 में 618 अंक मिले हैं।

एनआरआई कोटे पर लगी याचिका खारिज
स्पॉन्सर्ड एनआरआई कोटे से प्रवेश को लेकर हाईकोर्ट में दायर जनहित याचिका को खारिज कर दिया गया। अदालत ने इसे व्यक्तिगत हित की याचिका करार दिया और याचिकाकर्ता की जमा अमानत राशि भी जब्त करने का आदेश दिया।

काउंसलिंग का नया शेड्यूल

  • पहला राउंड – पंजीयन: 7-10 अगस्त | च्वॉइस फिलिंग: 7-11 अगस्त | मेरिट सूची: 12 अगस्त | आवंटन: 14 अगस्त | एडमिशन: 18-23 अगस्त

  • दूसरा राउंड – 27 अगस्त से 13 सितंबर

  • मॉप-अप राउंड – 15-29 सितंबर

  • स्ट्रे वैकेंसी राउंड – 1-8 अक्टूबर