डीजीपी का अंतराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में दौरा — मुनाबाव बॉर्डर पर बीएसएफ के अधिकारियों और जवानों से हुए रूबरू
जयपुर। पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा राज्य में बेहतर पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था की मजबूती को लेकर इन दिनों जोधपुर संभाग के दौरे पर हैं। इसी क्रम में उन्होंने बाड़मेर जिले के सीमावर्ती गडरा रोड थाना और मुनाबाव सीमा चौकी का दौरा किया।

भारत-पाकिस्तान सीमा से महज़ 5 किलोमीटर दूर स्थित गडरा रोड थाने पर पहुंचकर डीजीपी शर्मा ने न केवल थाने का गहन निरीक्षण किया, बल्कि अधिकारियों से कानून-व्यवस्था और क्षेत्र में अपराधों की प्रकृति की जानकारी भी ली। इस दौरान उन्होंने थाने में संधारित अभिलेखों को देखा और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। डीजीपी ने सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लेकर पुलिस अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद पुलिस महानिदेशक ने थाने में तैनात जवानों से आत्मीय संवाद किया। जवानों की समस्याएं व अपेक्षाएं सुनते हुए उन्होंने उनके साथ रात्रि भोज भी किया। पुलिस महानिदेशक को अपने बीच पाकर जवान उत्साहित नज़र आए और उन्होंने पूरी निष्ठा व समर्पण भाव से कर्तव्य निर्वहन का संकल्प दोहराया।
मुनाबाव बॉर्डर पर पहुंचे डीजीपी-
गडरा रोड थाने के निरीक्षण के पश्चात् डीजीपी शर्मा भारत-पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मुनाबाव चौकी पहुंचे, जहाँ उन्होंने बीएसएफ अधिकारियों और जवानों से मुलाकात की। डीजीपी ने सीमा पर तैनात बीएसएफ की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में भी ली जानकारी।
बीएसएफ के जवानों से संवाद दौरान पुलिस महानिदेशक ने उनके अनुशासन व साहसिक कार्यों की सराहना करते हुए विशेष रूप से ऑपरेशन सिंदूर के दौरान किए गए पराक्रम की प्रशंसा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस हमेशा बीएसएफ के सहयोग के लिए तत्पर है।

सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस महानिदेशक का यह दौरा न केवल सुरक्षा बलों के मनोबल को बढ़ाने वाला साबित हुआ है, बल्कि इससे पुलिस और बीएसएफ के बीच बेहतर तालमेल को भी मजबूती मिली है।

भारत-पाक के बीच परमाणु ठिकानों की लिस्ट का आदान-प्रदान, समझौते के तहत हुई प्रक्रिया
उस्मान ख्वाजा का संन्यास? पांचवें एशेज टेस्ट से पहले तोड़ सकते हैं चुप्पी