भौंती थाना प्रभारी और दरोगा पर मारपीट व 30 हजार रुपये वसूलने का आरोप
शिवपुरी। जिले के भौंती थाने के थाना प्रभारी मनोज राजपूत और एक दरोगा जाट पर एक गंभीर आरोप सामने आया है। मनपुरा निवासी बृजभान सिंह चौहान ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उसे अकारण पकड़कर थाने ले जाया गया, बेरहमी से पीटा गया और 30 हजार रुपये लेकर छोड़ा गया।
पीड़ित के अनुसार, घटना 3 अगस्त 2025 की शाम करीब 6-7 बजे की है। वह मनपुरा में एक अंडे की दुकान पर आमलेट खा रहा था, तभी छोटे दरोगा जाट आए और बिना कारण गाली-गलौज करते हुए उसे गाड़ी में बैठा लिया। जाति पूछने पर चौहान-ठाकुर बताने पर और ज्यादा अपशब्द कहे गए और थाने ले जाकर थाना प्रभारी मनोज राजपूत के साथ मिलकर लाठी, डंडे और बेल्ट से पिटाई की गई।
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उस पर झूठा आरोप लगाया कि वह लूटपाट की वारदात में शामिल है। जब उसने इनकार किया, तो उससे कहा गया कि 30 हजार रुपये दो, नहीं तो लूटपाट के केस में फंसा कर जेल भेज देंगे। पीड़ित का दावा है कि उसकी पत्नी को थाने बुलाया गया और रुपये की व्यवस्था करने के लिए कहा गया। पत्नी ने जेवर गिरवी रखकर 30 हजार रुपये दिए, जिसके बाद उसे छोड़ा गया।
बृजभान सिंह का कहना है कि थाना प्रभारी और दरोगा ने धमकी दी कि यदि उसने इसकी शिकायत की, तो उसे ऐसे केस में फंसा देंगे कि जिंदगी भर जेल में सड़ना पड़ेगा। पीड़ित के मुताबिक, इस घटना के बाद वह और उसका परिवार भयभीत हैं और रिपोर्ट दर्ज कराने की हिम्मत नहीं जुटा पाए।
शिकायत पत्र की प्रतियां मुख्यमंत्री, DGP, IG ग्वालियर रेंज और कलेक्टर शिवपुरी को भी भेजी गई हैं। पीड़ित ने मांग की है कि इस प्रकरण में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और उसकी तथा परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
यह मामला सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो यह सिर्फ एक व्यक्ति के मानवाधिकारों का हनन नहीं, बल्कि पुलिस के भरोसे पर भी गहरी चोट होगी। फिलहाल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया आना बाकी है। वैसे तो भौंती थाना दलालों का गढ़ रहा है इनके कार्यकाल में भी दलाल सक्रिय रहे।

भारत-पाक के बीच परमाणु ठिकानों की लिस्ट का आदान-प्रदान, समझौते के तहत हुई प्रक्रिया
उस्मान ख्वाजा का संन्यास? पांचवें एशेज टेस्ट से पहले तोड़ सकते हैं चुप्पी