गणेश चतुर्थी के अवसर पर शिवपुरी में दो दिवसीय भव्य आयोजन के चलते शहर की प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, 26 और 27 अगस्त को सुबह 8:00 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक धर्मवीर घाटी से परशुराम तिराहे तक केवल दो-पहिया वाहनों की एंट्री की अनुमति रहेगी।

इस अवधि में चार-पहिया, ऑटो रिक्शा, ट्रैक्टर, ट्रक आदि बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही, इस मार्ग की सभी संपर्क गालियाँ अस्थायी रूप से बंद रहेंगी।

ट्रैफिक प्रभारी निरीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया,

"गणेश चतुर्थी के दौरान भारी भीड़ और सार्वजनिक गणेश मंडलों की स्थापना को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना से बचा जा सके।"

हालांकि, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य इमरजेंसी सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। आम जनता से अपील की गई है कि वह प्रशासन का सहयोग करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

नगर निगम एवं ट्रैफिक विभाग ने इस अवसर पर सीसीटीवी निगरानी, वॉलंटियर्स की नियुक्ति, अस्थायी बैरिकेडिंग और कंट्रोल रूम व्यवस्था भी सुनिश्चित की है।

महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग:

  • राजेश्वरी रोड – कलेक्ट्रेट मार्ग

  • कमलागंज चौराहा – एबी रोड

  • माधव चौक – रेलवे स्टेशन मार्ग

शिवपुरी के नागरिकों से अनुरोध है कि वे इस आयोजन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग करें।