कराहल: एबीवीपी ने एससी छात्रावास में धूमधाम से मनाया गणेश उत्सव, प्रशासनिक अधिकारी रहे शामिल
कराहल (श्योपुर), 31 अगस्त। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (एबीवीपी) कराहल इकाई द्वारा स्थानीय हायर सेकेंडरी विद्यालय परिसर स्थित अनुसूचित जाति छात्रावास में गणेश उत्सव समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में आध्यात्मिक चेतना जागृत करना तथा उन्हें भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं से जोड़ना रहा।
इस अवसर पर गणपति बप्पा की विधिवत स्थापना कर मंगल आरती की गई और उपस्थित छात्रवासियों को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में छात्रावास में निवासरत दर्जनों छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
गणेश उत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कराहल की तहसीलदार सुश्री रोशनी शेख, थाना प्रभारी यास्मीन खान, खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) प्रदीप श्रीवास्तव एवं बीआरसी लक्ष्मीकांत भारद्वाज उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को सनातनी संस्कारों और भारतीय परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का संचालन एबीवीपी कराहल के नगर मंत्री कवि भारद्वाज ने किया। उन्होंने बताया कि यह आयोजन ‘अध्ययन से अध्यात्म’ की दिशा में एक प्रयास है, जिसका उद्देश्य बच्चों में नैतिक मूल्यों की स्थापना कर उन्हें धर्मांतरण जैसी सामाजिक कुरीतियों से बचाना है।
छात्रावास अधीक्षक मांगीलाल जाटव ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों में मानसिक, नैतिक और सांस्कृतिक विकास के लिए आवश्यक हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए एबीवीपी कार्यकर्ताओं को स्थानीय नागरिकों एवं प्रशासन का पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।

भारत-पाक के बीच परमाणु ठिकानों की लिस्ट का आदान-प्रदान, समझौते के तहत हुई प्रक्रिया
उस्मान ख्वाजा का संन्यास? पांचवें एशेज टेस्ट से पहले तोड़ सकते हैं चुप्पी