बैराड़ में माफिया और शराब ठेकेदारों का आतंक, शासकीय भूमि पर हो रहा अबैध कब्जा
बैराड़ तहसील क्षेत्र में माफिया और शराब माफियाओं द्वारा शासकीय भूमि पर अबैध कब्जा कर खुलेआम मनमानी की जा रही है। प्रशासन द्वारा हाल ही में करोड़ों रुपये की शासकीय भूमि को माफियाओं से अतिक्रमण मुक्त कराया गया, लेकिन इसी दौरान दूसरी ओर शराब ठेकेदारों द्वारा भी शासकीय जमीन पर अवैध रूप से दुकान संचालित करने के मामले सामने आए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैराड़-मोहना सड़क किनारे स्थित नदोरा तालाब के समीप शासकीय भूमि पर बिना किसी अनुमति के शराब ठेकेदार द्वारा दुकान चलाई जा रही है। यह मामला कई बार प्रशासन के संज्ञान में लाया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
दुकानों की आड़ में गावों में बिक रही अवैध शराब
शराब ठेकेदारों द्वारा गांव-गांव कमीशन पर अवैध शराब सप्लाई की जा रही है। प्रशासन द्वारा महज खानापूर्ति करते हुए मामूली शराब जब्त कर इतिश्री कर ली जाती है। बैराड़ क्षेत्र में नशे का यह जाल अब व्यापक होता जा रहा है, जिसमें केवल शराब ही नहीं, बल्कि स्मैक और अन्य मादक पदार्थों की भी खुलेआम बिक्री की जा रही है।
विधायक ने विधानसभा में उठाया मुद्दा
क्षेत्रीय विधायक कैलाश कुशवाह ने शिवपुरी जिले में बढ़ते नशे के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए विधानसभा में इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया है। उन्होंने प्रशासन से नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, लेकिन अभी तक ज़मीनी स्तर पर कोई बड़ा कदम नहीं उठाया गया है।
नशे के चलते अपराधों में बढ़ोतरी
क्षेत्र में नशे की लत के कारण लूटपाट, चोरी और हिंसक घटनाओं में भी वृद्धि देखी गई है। बैराड़ के विभिन्न हिस्सों में नशेड़ियों का जमावड़ा आम बात हो गई है, जिससे स्थानीय नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। चोरी की घटनाओं में अधिकतर मामलों में नशे के आदी लोगों की संलिप्तता पाई गई है।
प्रशासन के लिए बना चुनौतीपूर्ण मुद्दा
क्षेत्र में बढ़ते नशे और शासकीय भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को रोकना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। जनता की मांग है कि प्रशासन सख्त कार्रवाई करते हुए ऐसे अवैध धंधों पर तत्काल रोक लगाए और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
रिपोर्टर: दीपक रावत
स्थान: बैराड़, शिवपुरी
तिथि: 17 सितंबर 2025

भारत-पाक के बीच परमाणु ठिकानों की लिस्ट का आदान-प्रदान, समझौते के तहत हुई प्रक्रिया
उस्मान ख्वाजा का संन्यास? पांचवें एशेज टेस्ट से पहले तोड़ सकते हैं चुप्पी