जिला शिवपुरी के अंतर्गत आने वाले ग्राम गोरा, पंचायत टीलाकला के ग्रामीणों ने बरसात में बदहाल हालात और जान जोखिम में डालने वाली स्थिति को लेकर माननीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को एक ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने वाली सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बरसात के मौसम में गांव का संपर्क पूरी तरह कट जाता है। कीचड़ और पानी से लबालब भरे रास्तों के चलते बच्चों को स्कूल जाना मुश्किल हो जाता है, तो वहीं आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस तक गांव में नहीं पहुंच पाती। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस खतरनाक रास्ते से चलते हुए अब तक कई लोग घायल हो चुके हैं और कुछ ने तो अपनी जान तक गंवा दी है।

ग्रामीणों की मुख्य मांगें:

गोरा से मुख्य मार्ग तक पक्की सड़क का निर्माण

बरसात से पहले स्थायी जल निकासी की व्यवस्था

सड़क निर्माण को प्राथमिकता देने की मांग


ज्ञापन सौंपते समय ग्रामीणों ने बताया कि वे कई बार स्थानीय प्रशासन को अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसीलिए उन्होंने अब सीधे सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया से गुहार लगाई है।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते सड़क नहीं बनी, तो बरसात में हालात और बिगड़ सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सिंधिया जी इस मामले में त्वरित संज्ञान लेंगे और जरूरी निर्देश देंगे।

रिपोर्टर दीपक रावत