शिवपुरी के इंदार थाना क्षेत्र के कुटवारा गांव में शुक्रवार रात एक झोपड़ी में आग लग गई। हादसे में एक गाय की जलकर मौत हो गई और दूसरी गाय गंभीर रूप से झुलस गई।

जानकारी के अनुसार, नीलेश लोधी के बाड़े में बनी झोपड़ी में रात करीब 11 बजे अचानक आग लग गई। उस वक्त झोपड़ी में नीलेश की दादी बलिया बाई लोधी सो रही थीं। आग की लपटें देखकर नीलेश और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सबसे पहले बुजुर्ग महिला को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने एक गाय को बचा लिया, लेकिन दूसरी गाय को नहीं बचा सके। बोरवेल की मोटर से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग में झोपड़ी में रखा भूसा, कंडे और अन्य सामान जलकर राख हो गया। परिवार को हजारों रुपए का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है।